नेशनल हेराल्ड मामले से भाजपा और मोदी सरकार का लेना-देना नहीं, कानून अपना काम करेगा : राठौड़ ने कहा- कांग्रेस शासन में ही दर्ज हुआ यह मुकदमा
स्वतंत्रता सेनानियों की संपत्ति को हड़प लिया गया
मोदी कानून में हस्तक्षेप नहीं करते हैं, जो अपराध करेगा, उसे दंड भुगतना ही पड़ेगा।
जयपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा ऑफिस में मीडिया से बातचीत करते हुए नेशनल हेराल्ड केस में भाजपा का पक्ष रखते हुए कहा कि मोदी कानून में हस्तक्षेप नहीं करते हैं, जो अपराध करेगा, उसे दंड भुगतना ही पड़ेगा। स्वतंत्रता सेनानियों की संपत्ति को हड़प लिया गया। यह मुकदमा भी कोई बीजेपी या सरकार ने नहीं दर्ज कराया है । यह मुकदमा खुद कोर्ट के द्वारा कराया गया है। यह भी तब हुआ जब कांग्रेस के ही देश में प्रधानमंत्री थे। कांग्रेस राज में ही यह मुकदमा दर्ज हुआ। कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक पार्टी के लोगों पर कार्रवाई हो रही है। उस पर बिना वजह बवाल खड़ा कर रहे हैं।
सोनिया गांधी, लोकसभा कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा, लालू प्रसाद यादव, पूर्व वित्त मंत्री रहे पी चिदंबरम उनके बेटे कार्तिकेय चिदंबरम, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया सहित कई नेता जमानत पर है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के भी एक जमीन के मामले में विवादों में आ चुके हैं। राजनीतिक शुद्धिकरण जरूरी है। देश की संपत्ति का किसी भी तरह से दुरुपयोग हो यह ठीक नहीं है। नेशनल हेराल्ड का मामला कोई नया मामला नहीं है।
इसमें ईडी कार्रवाई कर रही है। नेशनल हेराल्ड का गठन हुआ था तब सरदार वल्लभभाई पटेल ने भी इसका विरोध किया था कि जनता के पैसे इकट्ठे करके इसमें लगाना गलत है। यह संपत्ति स्वतंत्रता सेनानी की थी, जिसे इन्होंने अपनी खानदानी संपत्ति मान लिया। इसके बाद यंग इंडिया कंपनी बनाई गई और 38-38 परसेंट शेयर सोनिया गांधी, राहुल गांधी ने रख लिए, तब 90 करोड़ के शेयर जो आज करोड़ों के है, केवल 50 लाख रुपए में ट्रांसफर कर लिए गए। करोड़ों रुपए की संपत्ति हड़प ली गई।
कोर्ट मामले की सुनवाई कर रहा है तो इसमें हल्ला मचाने की कहां जरूरत है। कानूनी जो होगा उसके अनुरूप कार्रवाई होगी। कोर्ट ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को राहत नहीं दी है ,केवल व्यक्तिगत उपस्थिति होने की छूट दी है। अब बेवजह बयान बाजी करके जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। देश की संपत्ति का कोई भी दुरुपयोग करें तो सभी को कानून का साथ देना चाहिए।

Comment List