नवरात्र में आमेर महल में हाथी सवारी पर लगेगा ब्रेक, 10 से 21 अक्टूबर तक हाथी सवारी पूरी तरह बंद
पर्यटकों के लिए महल सुबह 8 से शाम 5:30 बजे तक ही खुलेगा
जयपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान आमेर महल परिसर स्थित शिलामाता मंदिर और जलेब चौक में लगने वाले नवरात्रा मेले को देखते हुए आमेर महल में हाथी सवारी का संचालन 10 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगा। यह निर्णय दर्शनार्थियों की आवाजाही और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस अवधि में आमेर महल पर्यटकों के अवलोकन के लिए निर्धारित समय में ही खुला रहेगा। पर्यटक सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक महल का भ्रमण कर सकेंगे। नवरात्र मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं में भी बदलाव किया गया है।
सिंहपोल द्वार से मिलेंगे प्रवेश टिकट पर्यटकों की सुविधा के लिए आमेर महल में प्रवेश टिकट वितरण की व्यवस्था सिंहपोल द्वार पर की गई है। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए ही आमेर महल पहुंचें और सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में सहयोग करें। आमेर महल के अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक की ओर से जारी सूचना में हाथी सवारी बंद रखने और महल के परिवर्तित समय की जानकारी दी गई है।

Comment List