गांवों ने चुन लिए पंच-सरपंच : खानपुरा में सरपंच प्रत्याशी आपस में भिड़े, बीकानेर की बज्जू पंचायत समिति में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा
वोट डालकर लौट रहे बुजुर्ग की मौत
जयपुर। राज्य में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में 3626 ग्राम पंचायतों में 3326 संरपचों और 33,824 वार्ड पंचों के लिए मतदान प्रक्रिया शुक्रवार सुबह सात बजे शुरू हुई। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और आसमान में बादल छाए रहने के कारण शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। मौसम के अनुकूल नहीं होने से कई जगह मतदाता मतदान केंद्रों तक लोग पहुंचने से बचते नजर आए। बारिश थमने के साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ने लगा। प्रदेश में छिटपुट घटनाओं के अलावा मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। बीकानेर की बज्जू पंचायत समिति के मिठड़िया में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। झगड़े में भरासर में एक व्यक्ति के सिर में गम्भीर चोट आई। झुंझनूं की सिंघाना पंचायत समिति की खानपुरा ग्राम पंचायत में सरपंच प्रत्याशी फर्जी मतदान को लेकर आपस में भिड़ गए। भीड़ ने बूथ पर लगे टेंट उखाड़ दिए। आयोग के अनुसार सुबह दस बजे 19.29, दोपहर एक बजे 44.68, तीन बजे 61.30 और शाम 6 बजे तक 78.77 प्रतिशत वोटिंग हुई। राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रत्याशियों ने मतदाताओं को चौपहिया व दुपहिया वाहनों से मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में मदद करते रहे।
जोधपुर ग्रामीण एसपी ने 50 लोगों को डिटेन किया :
जोधपुर ग्रामीण एसपी ने पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 50 से अधिक लोगों को डिटेन किया है। 20 से ज्यादा गाड़ियों को जब्त किया।
वोट डालकर लौट रहे बुजुर्ग की मौत :
सीकर की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के महरोली गांव में वोट डालकर लौट रहे बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। ढाणी मंदिरवाली तन महरोली निवासी छीतरमल सैनी (70) महरोली की राजकीय सीनियर सेकण्डरी स्कूल में वोट डालने आए थे। वोट डालने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे गिर गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

Comment List