3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया महास्नान, पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी के साथ पंचतीर्थ महास्नान और मेले का समापन

भीड़ संभालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत 

3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया महास्नान, पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी के साथ पंचतीर्थ महास्नान और मेले का समापन
कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को पुष्कर सरोवर में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महास्नान कर ब्रह्माजी के दर्शन किए। इसके साथ ही पांच दिवसीय पंचतीर्थ मेला संपन्न हुआ। स्नान के दौरान सिविल डिफेंस ने सात श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया।

पुष्कर। तीर्थराज पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। पवित्र ब्रह्म सरोवर में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महास्नान कर जगतपिता ब्रह्माजी के दर्शन किए और पुण्य लाभ कमाया। एकादशी से शुरू हुए पंचतीर्थ के पांच दिवसीय धार्मिक मेले का महास्नान के साथ समापन हुआ। अलसुबह ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। गायघाट, ब्रह्मघाट, बद्रीघाट और वराहघाट सहित प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सरोवर की पूजा-अर्चना और परिक्रमा की। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं से घाट, मंदिर, बाजार और गलियां दिनभर गुलजार रहे। महिलाओं के मंगलगीत, ग्रामीणों के पारंपरिक परिधान और बच्चों की किलकारियों ने मेले को उत्सवी रंग दिया।

फूल बंगले में विराजे ब्रह्माजी- कार्तिक पूर्णिमा पर जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में भगवान ब्रह्मा एवं माता गायत्री का फूल बंगला सजाया गया। मंदिर परिसर में फूलों से सजे भगवान के मनमोहक शृंगार ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। पुजारी कृष्णगोपाल वशिष्ठ के अनुसार एकादशी से पूर्णिमा तक प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और शृंगार किया गया। मंगलवार सुबह 5 बजे ब्रह्म मुहूर्त में महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

सिविल डिफेंस ने सात श्रद्धालुओं को बचाया- महास्नान के दौरान पुष्कर सरोवर के अलग-अलग घाटों पर डूबने की घटनाओं में सिविल डिफेंस टीम ने सात श्रद्धालुओं की जान बचाई। टीम ने तत्काल पानी में उतरकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

इनमें रामन दास, नीरज, काली देवी, पद्मा देवी, उत्कर्ष, दिव्या और उनकी बेटी भव्या शामिल हैं। मां-बेटी के एक साथ डूबने की घटना पर टीम के सदस्यों ने तत्काल पानी में छलांग लगाकर दोनों को सुरक्षित बचाया।

Read More पुष्कर मेले का आगाज, सात समंदर पार तक छाया राजस्थानी रंग

बाजारों में खरीदारी, मालपुए की रही धूम- महास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मेला क्षेत्र और मुख्य बाजारों में जमकर खरीदारी की। झूलों और मनोरंजन के साधनों पर बच्चों व युवाओं की भीड़ रही। हलवाई गली में पुष्कर के प्रसिद्ध मालपुए खरीदने के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। कचौरी, पकौड़ी, लड्डू और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की दुकानों पर भी खूब भीड़ रही।

Read More पुष्कर में आस्था का चरम : घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, मटका दौड़ में देसी-विदेशी महिलाओं ने दिखाया दमखम

मेले के मैदान में टेंट में आग, चार-पांच टेंट जले- नए मेला मैदान में मंगलवार दोपहर एक अस्थायी टेंट में अचानक आग लग गई। आग ने आसपास के चार-पांच टेंटों को भी चपेट में ले लिया। इनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Read More ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में 24 से 30 नवंबर तक होगा श्री राम जानकी विवाह मंगल महोत्सव, प्रतिदिन शाम को बधाई उत्सव का आयोजन

वन-वे के बावजूद कई जगह जाम- श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के चलते अजमेर-पुष्कर मार्ग सहित शहर के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। वन-वे और बैरिकेडिंग के बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर मेला क्षेत्र में प्रवेश करते नजर आए। पुलिस को जाम खुलवाने और वाहनों को नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी।

आज होगा मृगछाला स्नान- कार्तिक पूर्णिमा के अगले दिन बुधवार को पुष्कर सरोवर में मृगछाला स्नान की परंपरा निभाई जाएगी। तीर्थ पुरोहित श्रद्धालुओं को सरोवर के पवित्र जल के छींटे देकर विशेष धार्मिक रस्म संपन्न कराएंगे। मान्यता है कि कार्तिक मास के दौरान पुष्कर में विराजमान 33 करोड़ देवी-देवता इस परंपरा के साथ अपने लोक लौट जाते हैं।

भीड़ संभालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत :

महास्नान के लिए उमड़ी भीड़ के चलते ब्रह्मा मंदिर, ब्रह्म चौक, कपड़ा बाजार, कपालेश्वर तिराहे और घाटों के आसपास पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद जेबतराश और मोबाइल चोर सक्रिय रहे। कई श्रद्धालुओं के पर्स, मोबाइल और चेन चोरी होने की घटनाएं सामने आईं। बिछड़े लोगों को परिजनों से मिलाने के लिए मेला मजिस्ट्रेट कैंप में सार्वजनिक उद्घोषणा यंत्र से लगातार घोषणाएं की गईं। पटवारी और गिरदावरों की टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से बिछड़े लोगों तक पहुंचने में मदद की।

Post Comment

Comment List

Latest News

3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया महास्नान, पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी के साथ पंचतीर्थ महास्नान और मेले का समापन 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया महास्नान, पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी के साथ पंचतीर्थ महास्नान और मेले का समापन
कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को पुष्कर सरोवर में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महास्नान कर ब्रह्माजी के दर्शन किए।...
पहले कम किया 30 किलो वजन : फिर दुनिया जीत ली, जेनिफर बनीं मिस यूनिवर्स-2026
हरे निशान में खुले बाजार, बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में लिवाली जोरदार तेजी
जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए सूरा-गुर्जर आमने-सामने, कांग्रेस का बहुमत फिर भी मुकाबला रोचक 
राजस्थान विद्युत निगम में जेईएन भर्ती परीक्षा 29-30 नवंबर को, 869 पदों के लिए 12 जिलों में होगी परीक्षा
रियाद में हमला, 2 भारतीय घायल; भारत ने कहा- तुरंत बंद हों हमले
ग्रामीण सत्ता के लिए बाड़ाबंदी का घमासान, कहीं नेपाल तो कहीं हिमाचल पहुंचे सदस्य