नवगठित 25 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रशासक नियुक्त, वार्ड पंच अब नगर पालिका के वार्ड सदस्य के रूप में करेंगे कार्य
निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल मार्च 2025 में समाप्त हो चुका
राज्य सरकार ने बजट 2025-26 के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में नई नगर पालिकाओं का गठन कर उनके अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रशासकों की नियुक्ति की है
जयपुर। राज्य सरकार ने बजट 2025-26 के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में नई नगर पालिकाओं का गठन कर उनके अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रशासकों की नियुक्ति की है। यह निर्णय ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने और शहरी क्षेत्रों में बेहतर प्रशासनिक सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है।
डीएलबी की अधिसूचना के अनुसार राज्य के 11 जिलों में नवगठित नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ग्राम पंचायतों के निर्वाचित सरपंचों और उपसरपंचों को बनाया गया है। इनमें मलसीसर, साहवा, रायपुर, सैपऊ, बुहाना, खाटू खुर्द, कानोता, सूरौठ, रियांबडी, मण्ड्रेला और मथानिया शामिल हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत के वार्ड पंच अब नगर पालिका के वार्ड सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। इसके अलावा, 14 अन्य नवगठित नगर पालिकाओं में उपखंड अधिकारियों को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इनमें मनोहरथाना, समदड़ी, अरनोद, पीसांगन, मनिया, जसोल, पलसाना, बीगोद, खेजरोली, कालाडेरा, खानपुर, बनेड़ा और मंडार शामिल हैं। इन प्रशासकों को राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 के तहत अधिकार और कर्तव्य सौंपे गए हैं।सरकार ने घड़साना (श्रीगंगानगर) नगर पालिका के लिए भी उपखंड अधिकारी को प्रशासक नियुक्त किया है, क्योंकि यहां निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल मार्च 2025 में समाप्त हो चुका है। इन सभी प्रशासकों को तब तक प्रशासनिक कार्यभार सौंपा गया है जब तक नई नगर पालिका बोर्ड का गठन नहीं हो जाता।

Comment List