चार पंचायत समितियों की 90 सीटों पर मुकाबला, बकानी में सुबह 10 बजे तक 19.08 प्रतिशत मतदान
सुरक्षा के लिए 1,715 पुलिस जवान और 509 होमगार्ड तैनात
बकानी। गुलाबी सर्दी और सुहावनी धूप के बीच झालावाड़ जिले में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण का मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हुआ। शुरुआती घंटों में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ कम नजर आई। बकानी, झालरापाटन, खानपुर और पिड़ावा पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। जिले में कुल 509 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बकानी पंचायत समिति क्षेत्र में सुबह 10 बजे तक 19.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान वार्ड संख्या तीन में 106 वर्षीय कंवरलाल पुत्र भवँरलाल गुर्जर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर मतदान केंद्र पहुंचकर उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खटिक के अनुसार, चारों पंचायत समितियों में सदस्य पद की कुल 90 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इनमें बकानी की 17, झालरापाटन की 21, खानपुर की 23 और पिड़ावा की 29 सीटें शामिल हैं। वहीं, जिला परिषद सदस्य की 16 सीटों के लिए 34 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
4.82 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
जिले में कुल 4 लाख 82 हजार 796 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2 लाख 46 हजार 842 पुरुष, 2 लाख 35 हजार 954 महिलाएं और छह थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत नौ एरिया मजिस्ट्रेट और 64 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1,715 पुलिस जवानों और 509 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इन पंचायत समिति क्षेत्रों में पंच और सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा।

Comment List