कोटा : खाटूश्यामजी की यात्रा में काल बना एक्सप्रेसवे, पुलिया से 15 फीट नीचे नाले में गिरा ट्रैवलर; 8 लोगों की मौत
पुलिया से नीचे गिरते ही मची चीख-पुकार
जयपुर। कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा ट्रैवलर सिमलिया थाना क्षेत्र में पुलिया से करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। सभी मृतक मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे कराड़िया टोल से कुछ दूरी पर हुआ। वाहन के पुलिया से नीचे गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, कई मृतकों के शव सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। वहीं, घायल यात्रियों को निकालने के लिए वाहन की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि यह हादसा ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ है। पुलिस ने इसकी आशंका व्यक्त की है। हादसे में ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया है। कई घायल सीटों के बीच फंस गए थे। ग्रामीणों ने खिड़की के कांच तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।

Comment List