असर खबर का : आठ माह बाद खुला कापरेन ब्रांच नहर का रास्ता
राहगीरों व वाहन चालकों को मिली चक्कर लगाने से मुक्ति
कोटा। शहर के नदी पार महत्वपूर्ण नांता क्षेत्र, जो बूंदी रोड को शहर के आंतरिक हिस्सों से जोड़ता है, वहां के निवासियों व वाहन चालकों को लंबे समय बाद बड़ी राहत मिली है। विकास कार्यों के नाम पर पिछले 8 महीनों से बंद पड़ा बूंदी रोड से नांता जाने वाला नहर का दाईं तरफ का मार्ग अब पूरी तरह से खोल दिया गया है। दैनिक नवज्योति ने '8 माह बाद भी रास्ता बंद ना चेतावनी ना पूरी तरह बन्द' शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रशासनिक अनदेखी व आम जनता की परेशानी को प्रमुखता से उजागर किया था। खबर छपते ही हरकत में आए प्रशासन व ठेकेदार ने कार्रवाई करते हुए कापरेन ब्रांच हेड से मिट्टी का ढेर हटवा दिया।
अब दूरी होगी परेशानी
यहां से आगे आने के बाद रास्ता बंद मिलता था, जिससे उन्हें वापस 2 किलोमीटर लौटकर नहर के बाईं तरफ वाले रास्ते से जाना पड़ता था। इस कारण रोजाना चालकों को 4 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा था और ईंधन के साथ-साथ समय की भी बर्बादी हो रही थी। प्रशासन द्वारा मिट्टी हटाकर रास्ता चालू करते ही अब वाहन चालकों को सीधा और सुगम मार्ग मिल गया है।
जनता को परेशान करने वालों पर कार्यवाही करें
स्थानीय निवासी नितिन नान्ता का कहना है कि बिना सूचना बोर्ड किसी भी रास्ते को ठेकेदारों द्वारा बंद करना गैर कानूनी है। एक अन्य स्थानीय निवासी राजू सोनी ने प्रशासन से ऐसे अवरोध लगाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की। वहीं हर्ष गौत्तम ने दूसरी तरफ की सड़क की तुरन्त मरम्मत की मांग की।
दुर्घटनाओं का खतरा हुआ कम
मार्ग बंद होने की वजह से सारा यातायात नहर के एक ही तरफ की (एकतरफा) सड़क पर शिफ्ट हो गया था। इस संकरे रास्ते पर दोनों ओर से भारी वाहनों, बसों और चार पहिया वाहनों की आवाजाही होने से लगातार आमने-सामने की भिड़ंत और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। विशेषकर रात के समय स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती थी। अब दाईं तरफ का मार्ग खुल जाने से यातायात विभाजित हो गया है, जिससे संकरे रास्ते पर लगने वाले जाम से निजात मिली है और संभावित बड़े हादसों का खतरा भी टल गया है।
नवज्योति ने प्रमुखता से उठाया था मामला
दैनिक नवज्योति द्वारा नांता नहर मार्ग पर 8 माह से व्याप्त अव्यवस्था और वाहन चालकों के नुकसान की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने संज्ञान लिया। खबर प्रकाशित हाने के बाद कापरेन ब्रांच हेड पर जमा मिट्टी के ढेरों को उठवाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवज्योति की सजगता के कारण ही महीनों से अटकी जनसमस्या का समाधान चुटकियों में हो सका।

Comment List