अमेरिका के 25% टैरिफ की धमकी पर भड़की माकपा, मोदी सरकार से कहा- दबाव में न करें व्यापार समझौता
आर्थिक संप्रभुता के हितों से कोई समझौता न करे
नई दिल्ली। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने गुरुवार को आरोप लगाया कि अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर प्रस्तावित 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी को हथियार बनाकर मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में अपनी मांगें मनवाने के लिए भारत पर दबाव बना रहा है। पार्टी के पोलित ब्यूरो के यहां जारी एक बयान में माकपा ने आरोप लगाया कि वाशिंगटन प्रस्तावित टैरिफ को उचित ठहराने के लिए संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता और जबरन श्रम के उपयोग जैसे काल्पनिक दावों का सहारा ले रहा है, जबकि केवल इस शर्त पर टैरिफ की दर को 25 प्रतिशत से घटाकर 17 प्रतिशत करने की पेशकश कर रहा है कि भारत प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम रूप दे दे।
इस वाम दल ने कहा कि इस तरह की बातें, भारत से रियायतें हासिल करने और द्विपक्षीय समझौते में भारत के वार्ता पक्ष को प्रभावित करने के लिए एकतरफा व्यापारिक उपायों के इस्तेमाल के समान हैं। पोलित ब्यूरो ने अमेरिकी कदम पर अपर्याप्त प्रतिक्रिया देने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की भी आलोचना की और उस पर वाशिंगटन की दबाव बनाने की रणनीतियों को दृढ़ता से चुनौती देने में विफल रहने का आरोप लगाया। बयान में कहा गया, अमेरिका की इन एकतरफा दबाव की रणनीतियों का दृढ़ता से विरोध करने के बजाय मोदी सरकार की प्रतिक्रिया अक्षम रही है।
माकपा ने कहा कि भारत को उच्च टैरिफ की धमकी या उसमें कटौती की संभावना को किसी व्यापार समझौते की शर्तें तय करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए, खासकर तब जब देश के आर्थिक हित और घरेलू उत्पादकों तथा श्रमिकों की आजीविका दांव पर लगी हो। केंद्र सरकार से स्पष्ट प्रतिक्रिया की मांग करते हुए पार्टी ने कहा कि वह अमेरिका की एकतरफा कार्रवाइयों का विरोध करे और भारत की आर्थिक संप्रभुता व वाणिज्यिक हितों की रक्षा के लिए वार्ता में सख्त रुख अपनाए।
गौरतलब है कि यह बयान भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए चल रही वार्ता के बीच आया है, जिसमें टैरिफ, बाजार पहुंच और अन्य व्यापार-संबंधी मुद्दे चर्चा के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में उभरे हैं। माकपा ने सरकार से आग्रह किया है कि वह अमेरिका से कोई भी कारोबारी समझौता टैरिफ पर रियायतों के बदले भारतीय उत्पादकों, श्रमिकों और व्यापक आबादी के हितों से न करे।

Comment List