चाय की दुकान से वंदे भारत तक... भारत में ये 5 बदलाव देख हैरान रह गई पोलैंड की मॉडल
पोलैंड की महिला ने क्यों की भारत की तारीफ
नई दिल्ली। भारत में पिछले एक दशक में हुए बदलावों की तारीफ करने वाली पोलैंड की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। भारत में रह रहीं मॉडल डोमिनिका पटलस-कालरा ने अपने वीडियो में बताया कि 10 साल पहले जब वह पहली बार भारत आई थीं, तब के मुकाबले आज देश की तस्वीर काफी बदल चुकी है। हालांकि, भारत की तारीफ करने वाला उनका यह वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
डोमिनिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा वीडियो में भारत के पांच बड़े बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहले छोटी दुकानों पर भी नकद भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब चाय की दुकान पर भी यूपीआई और क्यूआर कोड से आसानी से भुगतान हो जाता है। उन्होंने एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और मेट्रो नेटवर्क में हुए विस्तार को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उनके मुताबिक, बेहतर हवाई संपर्क के कारण पोलैंड से भारत पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हुआ है। डोमिनिका ने 10 मिनट में सामान की डिलीवरी और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प को भी भारत में आए बड़े बदलावों में शामिल किया।
तारीफ पर क्यों उठे सवाल?
वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है। कई यूजर्स ने उनकी बातों का समर्थन किया, जबकि कुछ ने उन्हें निशाना बनाया। वहीं, कई लोगों ने कहा कि यूपीआई, 5जी और डिजिटल सुविधाओं के मामले में भारत ने दुनिया के कई विकसित देशों को भी पीछे छोड़ दिया है।

Comment List