क्या अब कभी नहीं होगी रात? अंतरिक्ष में शीशे लगाकर ये अमेरिकी कंपनी करने वाली है कुछ ऐसा जिसके बारे में सोचकर ही आ जाएगा पसीना
पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित होगा विशाल नेटवर्क
अमेरिका। अमेरिका की एक अंतरिक्ष कंपनी अब सूरज की रोशनी को बेचने की तैयारी में है। कैलिफोर्निया की स्टार्टअप कंपनी Reflect Orbital अंतरिक्ष में विशाल शीशे लगाकर रात के समय भी धरती के चुनिंदा हिस्सों तक सूर्य की रोशनी पहुंचाना चाहती है। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक से सोलर फार्म रात में भी बिजली बना सकेंगे। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान के दौरान रोशनी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
कंपनी की योजना 18×18 मीटर आकार के शीशों को पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित करने की है। इनके जरिए ग्राहकों की मांग के मुताबिक अलग-अलग इलाकों में रोशनी पहुंचाई जाएगी। इसके पहले प्रदर्शन की शुरुआत 2027 की दूसरी तिमाही में करने का लक्ष्य है। कंपनी ने 2035 तक 50 हजार उपग्रह अंतरिक्ष में भेजने की योजना बनाई है। हालांकि, इस अनोखे कारोबार ने पर्यावरणविदों और वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरिक्ष से आने वाली रोशनी वायुमंडल में बिखरकर उन इलाकों तक भी पहुंच सकती है, जिन्होंने इसकी मांग नहीं की है। इससे प्राकृतिक अंधेरे पर असर पड़ेगा।
रात में सक्रिय रहने वाले चमगादड़, उल्लू, प्रवासी पक्षियों और समुद्री कछुओं की जैविक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। खगोलविदों को भी प्रकाश प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी ने इस योजना पर आपत्ति जताई है। अब इस तकनीक के फायदे और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर बहस तेज हो गई है।

Comment List