
भाजपा ने मनभेद बढ़ाया, मोदी अपने शब्द वापस लें: आनन्द शर्मा
मोदी को अगले दौरे में अपने शब्द वापस लेने चाहिए
पीएम मोदी के कांग्रेस को लेकर दिए बयानों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आनन्द शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा ने मतभेद के साथ मतभेद बढ़ा दिए हैं।
जयपुर। पीएम मोदी के कांग्रेस को लेकर दिए बयानों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आनन्द शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा ने मतभेद के साथ मतभेद बढ़ा दिए हैं। मोदी को अगले दौरे में अपने शब्द वापस लेने चाहिए।
पीसीसी में मीडिया से बात करते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा राजस्थान में अपना सीएम चेहरा भी घोषित नहीं कर सकी। उनको पता है कि उनकी सरकार नहीं बनेगी, इसलिए चेहरा घोषित नहीं किया। खुद मोदी यंहा प्रचार करने उतर आए हैं। मुझे लगता है कि उन्हें प्रधानमंत्री पद का काम देखना चाहिए। चुनाव में प्रचार जरुरी है, लेकिन भाजपा काम नहीं करके भी मार्केटिंग में माहिर है। हमारी योजनाओं की भाजपा अपने घोषणा पत्र में नकल कर रही है। हमने 500 रुपए में सिलेंडर दिया तो उन्होंने 450 में बोल दिया। मोदी तो देश के पीएम हैं वो देश भर में 450 रुपए का सिलेंडर घोषित कर दें, हम उनका स्वागत करेंगे। हमारी सरकार ने छात्रों, कर्मचारियों, बेटियों, महिलाओं, किसानों के लिए अच्छे काम और योजनाएं दी। हमने अन्य कांग्रेस शासित प्रदेशों में में भी ये लाभ दिए हैं। हमारे विकास कार्यों की बदौलत राजस्थान की जीडीपी बढ़ी है। राजस्थान आर्थिक तौर पर मजबूत हुआ है। मोदी से पहले भी देश मे विकास हुआ था। परमाणु ताकत और औद्योगिक विकास देश मे पहले भी हुआ। मनमोहन सिंह सरकार में देश की अर्थव्यवस्था 400 बिलियन डॉलर से 2 ट्रिलियन डॉलर पहुंची थी। राजस्थान में प्रचार आगे बढ़ रहा है। प्रचार में भाजपा ने मतभेद के साथ मनभेद भी बढ़ा दिया। राजनीति में कटुता नहीं होनी चाहिए। विचार अलग अलग होते हैं, लेकिन दुर्भावना से राजनीतिक आक्रमण नहीं किया जाना चाहिए। भाजपा राजस्थान की सरकार पर आरोप लगाना बंद करें। प्रजातंत्र में धमकी नहीं दी जाती। यंहा जनता सब कुछ तय करती है। मोदी कहते हैं कि बटन ऐसे दबाओ जैसे फांसी दे रहे हो। मोदी अगली बार जब आएं तो ये शब्द वापस लें। किसी भी राज्य में दंगे होते हैं तो पुलिस प्रशासन अपना काम करेगी। सबको मालूम है कि दंगे करने वाले लोग किस संगठन के कार्यकर्ता हैं। हिमाचल और कर्नाटक में हमने गारंटी दी तो कई को पूरा किया है, कुछ पर निर्देश दिए जा रहे हैं। अच्छी बात है कि जयराम ठाकुर हमारी सरकार को याद करते हैं। सीमावर्ती राज्य हिमाचल में हमने जो काम किए हैं उन पर धन्यवाद नहीं तो शाबाशी तो मिलनी चाहिए। जयराम ठाकुर अपने केंद्रीय नेतृत्व से हमारे सवाल पूछें। वे बताएं कि अग्निवीर योजना को कब वापस लेंगे। यह योजना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा है। उनको 4 साल बाद कोई सुविधा नहीं मिलती। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के ईडी पर दिए बयान पर कहा कि ईडी जिस तरह पक्षपात कर जांच करती है और भाजपा के लोगों को टारगेट नहीं करती, उससे उनकी कार्यवाही की मंशा पर सवाल उठते हैं। सनातन धर्म के सवाल पर कहा कि भाजपा धर्म, संस्कृति और धरोहर को राजनीति से दूर रखें। ये भाजपा की बापौती नहीं है। चुनाव में गहलोत पायलट को लेकर कहा कि हमारे लिए दोनों नेता महत्वपूर्ण हैं। सभी मिलकर सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव जीतने के बाद विधायकों की राय पर मुख्यमंत्री चुना जाएगा।
भाजपा को चुनाव के वक्त तुष्टिकरण याद आता है। चुनाव के समय दंगाईयो की सूची निकाल लें तो भाजपा की सच्चाई सामने आ जाएगी। हम तो उस सोच और विचारधारा के लोग हैं, जिनकी देश की आजादी में योगदान रहा है। हमारी राष्ट्रभक्ति इनसे बहुत ज्यादा है।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List