कश्मीर में सीआईएसएफ बस पर हमले में एएसआई शहीद
सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया
जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू-कश्मीर के सांबा दौरे से पहले आतंकवादियों ने जम्मू के सुंजुवान इलाके में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की बस पर हमला कर दिया, जिसमें एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शहीद हो गये, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीआईएसएफ की बस पर हमला कैंप के पास हुआ। बस में सीआईएसएफ के 15 जवान सवार थे। वे अपनी सुबह की पाली की ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी जम्मू शिविर के पास आतंकवादियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में एक एएसआई शहीद हो गये और करीब छह अन्य घायल हो गये।
क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकियों की पुष्टि ने की। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से दो एके 47 राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। एडीजीपी ने कहा कि हमने अभी तक अभियान बंद नहीं किया है और तलाश जारी है। सीआईएसएफ जवानों को ले जा रही बस पर पहले ग्रेनेड फेंका गया। इसके बाद आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सीआईएसएफ कर्मियों ने गोलीबारी का जवाब दिया। उसके बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गयी। जम्मू पुलिस और अन्य सुरक्षा बल ही अलर्ट पर थे।

Comment List