कंगना रनौत का दावा, विपक्ष के राजनीतिक पैंतरे नहीं आने वाले काम; जनता मोदी-योगी के साथ
धार्मिक नगरी का आधुनिक कारोबारी केंद्र के रूप में उभार
प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने विपक्ष के लोकतंत्र बचाओ अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह के राजनीतिक पैंतरे काम आने वाले नहीं हैं। जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़ी है। विपक्ष के नेता मॉक पार्लियामेंट में ही अपने सपने पूरे कर सकते हैं, वास्तविक संसद में उनके सपने पूरे होने वाले नहीं हैं। प्रयागराज में बुधवार को एक स्टोर के उद्घाटन समारोह में पहुंचीं कंगना रनौत ने पत्रकारों से बातचीत में शहर के विकास और बड़े ब्रांडों की बढ़ती मौजूदगी पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज पवित्र और धार्मिक महत्व वाला शहर है। यहां स्टोर का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जो सफल रहा।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज जैसे शहर में अब ऐसे बड़े और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्रांड भी पहुंच रहे हैं, जिनकी पहचान दुनियाभर में है। यह इस बात का संकेत है कि शहर तेजी से बड़े कारोबारी केंद्र के रूप में उभर रहा है। कंगना ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भी प्रयागराज का महत्व लगातार बढ़ रहा है। देशी और विदेशी पर्यटकों के आने से शहर में बड़े ब्रांडों और कारोबार के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। भाजपा की ओर से प्रयागराज में निकाली गई 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' यात्रा और राहुल गांधी के लोकतंत्र बचाने संबंधी बयान पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि ये राजनीतिक पैंतरे काम आने वाले नहीं हैं। जनता मोदी और योगी के साथ है। विपक्ष के नेता मॉक पार्लियामेंट में ही अपने सपने पूरे कर सकते हैं, वास्तविक संसद में उनके सपने पूरे नहीं होने वाले हैं।

Comment List