भारत-आसियान संबंधों को मजबूत बनाने के लिए मोदी ने रखे प्रस्ताव, बोले- मिलकर काम करना चाहिए
वर्ष 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए खास
मनीला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में आसियान देशों के साथ सहयोग बढ़ाने पर जोर देते हुए समुद्री सुरक्षा, साइबर प्रशिक्षण, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष और युवाओं से जुड़े क्षेत्रों में कई प्रस्ताव रखे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान को तकनीक का सिर्फ इस्तेमाल करने वाला नहीं, बल्कि उसे मिलकर विकसित करने वाला बनना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान को क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने मुक्त, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होगा।
वर्ष 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए खास होगा मोदी ने आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने दोनों पक्षों के संबंधों को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए खास होगा। इस वर्ष दोनों पक्षों के संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होंगे।
मुफ्त ई-वीजा का प्रस्ताव प्रधानमंत्री ने आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा, नालंदा विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति बढ़ाने, संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण, अंतरिक्ष हैकाथॉन और समुद्री सहयोग योजना समेत कई और प्रस्ताव भी रखे। मनीला में खालसा दीवान गुरुद्वारे का पुनर्विकास शुरू पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी। इस अवसर पर सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। खालसा दीवान गुरुद्वारे की स्थापना वर्ष 1901 में हुई थी।
इसे 1903 में औपचारिक रूप से संगठित किया गया और 1924 में खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत किया गया। यह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है। यह गुरुद्वारा मनीला में सिख समुदाय के साथ-साथ अन्य समुदायों के लिए भी धार्मिक और परोपकारी गतिविधियों के जरिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। खालसा दीवान गुरुद्वारा भारतीय-सिख समुदाय और फिलीपींस के समाज के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में भी काम कर रहा है।

Comment List