लुसाने में दिखा नीरज चोपड़ा के गोल्डन आर्म का जादू
पांचवें प्रयास में 87.66 मीटर की थ्रो के साथ भारतीय एथलीट ने हासिल किया शीर्ष स्थान
नीरज ने पिछले महीने प्रशिक्षण के दौरान मांसपेशियों में आए खिंचाव के कारण तीन शीर्ष स्पर्धाओं में भाग नहीं लिया था।
लुसाने। टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए डायमंड लीग के लुसाने चरण में शीर्ष स्थान हासिल किया है। चोट से लौटे नीरज ने शुक्रवार रात हुए भाला फेंक आयोजन में 87.66 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ इस सीजन लगातार दूसरी जीत दर्ज की। डायमंड लीग के गत चैंपियन नीरज ने इससे पहले दोहा चरण में भी 88.67 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पहला स्थान हासिल किया था।
नीरज ने पिछले महीने प्रशिक्षण के दौरान मांसपेशियों में आए खिंचाव के कारण तीन शीर्ष स्पर्धाओं में भाग नहीं लिया था। उन्होंने लुसाने में फाउल से शुरुआत की जबकि दूसरे और तीसरे प्रयास में 83.52 एवं 85.04 मीटर के थ्रो किए। उनका चौथा प्रयास भी फाउल रहा लेकिन पांचवें प्रयास में नीरज ने 87.66 मीटर की विजयी थ्रो फेंकी। उनका छठा और आखिरी थ्रो 84.15 मीटर का रहा।
Comment List