दिल्ली में SIR के तहत 20 लाख मामलों का निपटारा, निर्वाचन विभाग बोला- पात्र मतदाता नहीं होंगे बाहर
निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुलझाने का काम जारी
नई दिल्ली। दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत वोटर लिस्ट की 33 लाख एंट्री में गड़बड़ी या मैपिंग की समस्या मिली थी जिनमें से 20 लाख मामलों का समाधान हो चुका है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में करीब 33 लाख प्रविष्टियों को लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी या अनमैप्ड श्रेणी में चिह्नित किया गया था। इन मामलों के समाधान के लिए निर्वाचन विभाग ने सक्रिय अभियान शुरू किया था, जिसके तहत अब तक करीब 20 लाख मामलों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शेष मामलों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुलझाने का काम जारी है। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है ताकि पात्र मतदाताओं से संबंधित किसी भी तरह की समस्या का समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को एसआईआर या मतदाता सूची से संबंधित कोई शिकायत है तो वह 14,947 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), 902 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), 70 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), 13 जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) या मुख्य निर्वाचन अधिकारी से संपर्क कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर नहीं किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की विसंगति या शिकायत होने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उसका समाधान करायें।

Comment List