गर्भगृह में विराजेंगे 51 इंच लंबे रामलला
प्रतिमा का हुआ चयन, नीले पत्थर से बनी
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि गर्भगृह में रामलला की पांच साल के बालस्वरूप वाली 51 इंच लंबी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा में रामलला को खड़े हुए दिखाया गया है।
अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित होने वाली रामलला की प्रतिमा का चयन आखिर रविवार को कर लिया गया। मूर्ति चयन के लिए शुक्रवार को बैठक हुई जिसमें ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने अपनी राय लिखत में दी।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि गर्भगृह में रामलला की पांच साल के बालस्वरूप वाली 51 इंच लंबी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा में रामलला को खड़े हुए दिखाया गया है। प्रतिमा ऐसी है जो राजा का पुत्र लगे और विष्णु का अवतार लगे। गर्भगृह में रामलला कमल के फूल पर विराजमान होंगे। कमल के फूल के साथ उनकी लंबाई करीब 8 फीट होगी।
नीले पत्थर से बनी प्रतिमा
सूत्रों की मानें तो नीले पत्थर से रामलला की प्रतिमा तैयार की गई है। मूर्तिकार योगीराज की बनाई प्रतिमा का चयन किया गया है। बताया जा रहा है कि रामलला की तीन प्रतिमाओं का निर्माण 3 मूर्तिकारों गणेश भट्ट, योगीराज और सत्यनारायण पांडेय ने तीन पत्थरों से किया है। इसमें सत्यनारायण पांडेय की प्रतिमा श्वेत संगमरमर की है। जबकि शेष दोनों प्रतिमाएं कर्नाटक के नीले पत्थर की हैं। अरुण योगीराज की प्रतिमा का चयन किया गया है।

Comment List