फ्रांसीसी सीनेट का बड़ा फैसला, कोर्सिका द्वीप की स्वायत्तता से जुड़ा विधेयक खारिज
मतदान में विधेयक के पक्ष में पड़े 134 वोट, 181 सीनेटरों ने किया विरोध
पेरिस। फ्रांस की सीनेट ने फ्रांसीसी गणराज्य के भीतर कोर्सिका द्वीप को स्वायत्तता प्रदान दिये जाने संबंधी विधेयक को खारिज कर दिया है। फ्रांस की सीनेट ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, सीनेट ने गणराज्य के भीतर कोर्सिका को स्वायत्तता देने से संबंधित संवैधानिक कानून के उस मसौदे को मंजूरी नहीं दी, जिसे पहले नेशनल असेंबली ने स्वीकृति दी थी।
मतदान के परिणामों के अनुसार, विधेयक के पक्ष में 134 सीनेटरों ने मतदान किया, जबकि 181 ने इसके विरोध में वोट दिया। रिपोर्ट के अनुसार, मतदान में विधेयक खारिज होने के बाद हाउट-कोर्स (अपर कोर्सिका) विभाग का प्रतिनिधित्व करने वाले सीनेटर पॉल-टूसैं परिगी ने घोषणा की कि द्वीप को स्वायत्तता देने का समर्थन करने वाला पक्ष उसकी स्थिति को लेकर फ्रांसीसी अधिकारियों के साथ चल रही बातचीत से पीछे हट रहा है।
सितंबर 2023 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ्रांसीसी संविधान में कोर्सिका के लिए विशेष दर्जे का प्रावधान शामिल करने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने द्वीप को स्वायत्तता देने का समर्थन किया था, लेकिन स्पष्ट रूप से कहा था कि उसे स्वतंत्रता देने का कोई सवाल नहीं है। राष्ट्रपति ने कोर्सिका के नेताओं को केंद्र सरकार के साथ छह महीने तक मिलकर काम करने का निर्देश दिया था, ताकि एक ऐसा समझौता तैयार किया जा सके, जिसे प्रस्तावित कानून का आधार बनाया जा सके। इसके बाद संसद के निचले सदन ने इस विधेयक को मंजूरी दे दी थी।

Comment List