तमाशा बंद करे हरियाणा सरकार : पूरन कुमार आत्महत्या मामले में निभाएं वादा, राहुल ने कहा- परिजनों के लिए न्याय एवं सम्मान हो सुनिश्चित
जिन अधिकारियों पर आरोप लगे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए
चंडीगढ़ में राहुल गांधी ने आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार के परिजनों से मुलाकात कर हरियाणा सरकार पर वादाखिलाफी और दलित परिवार पर दबाव डालने का आरोप लगाया। उन्होंने आत्महत्या के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की गिरफ्तारी और परिजनों को न्याय व सम्मान देने की मांग की। गांधी ने इसे दलित समुदाय से जुड़ा राष्ट्रीय मुद्दा बताया।
चंडीगढ़। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी वाई. पूरन कुमार के परिवार से मुलाकात के बाद हरियाणा सरकार पर वादाखिलाफी और पीड़ित परिजनों पर दबाव डालने के आरोप लगाए। कांग्रेस नेता ने मांग की है कि जिन अधिकारियों पर आरोप लगे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और परिजनों के लिए न्याय एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद परिवार से जो वादे किए थे, वे अब तक पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपने पिता को खोया है, उन पर बहुत दबाव है। यह दलित परिवार है और इनके साथ वर्षों से भेदभाव होता रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलित भाई-बहनों से जुड़ा सवाल है। आज गलत संदेश जा रहा है कि कोई भी कितना ही काबिल हो, फिर भी उत्पीड़न किया जाता है।
गांधी ने कहा कि सरकार को अपना वादा पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपने बच्चियों से जो वादा किया था, उसे पूरा कीजिए, यह तमाशा बंद कीजिए। पूरन कुमार ने उनके साथ भेदभाव किये जाने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में हरियाणा के 14 वरिष्ठ अधिकारियों पर भेदभाव करने के आरोप लगाये थे।

Comment List