भारत संप्रभु राष्ट्र : कोई ताकत हमारे मामलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकती, धनखड़ ने कहा- हम हमारे फैसले स्वयं लेते है
कूटनीतिक संवाद हैं
हम एकजुटता के साथ काम करते हैं, समन्वय के साथ। हमारे बीच आपसी सम्मान है, कूटनीतिक संवाद हैं, लेकिन अंतत:, हम संप्रभु हैं और अपने निर्णय स्वयं लेते हैं।
नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि अधिकारियों को बाहरी विमर्श से कभी भी प्रभावित नहीं होना चाहिए, क्योंकि भारत एक ऐसा संप्रभु देश है, जहां सभी निर्णय इसके नेतृत्व द्वारा लिए जाते हैं और कोई भी बाहरी ताकत उसके मामलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकती। धनखड़ ने भारतीय रक्षा संपदा सेवा 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाहरी विमर्शों से प्रभावित न हों। इस देश में, एक संप्रभु राष्ट्र में, सभी निर्णय इसके नेतृत्व द्वारा लिए जाते हैं। दुनिया में कोई भी शक्ति भारत को यह निर्देश नहीं दे सकती कि उसे अपने मामलों को कैसे संचालित करना है। हम एक राष्ट्र हैं, और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का हिस्सा हैं। हम एकजुटता के साथ काम करते हैं, समन्वय के साथ। हमारे बीच आपसी सम्मान है, कूटनीतिक संवाद हैं, लेकिन अंतत:, हम संप्रभु हैं और अपने निर्णय स्वयं लेते हैं।
क्या हर बॉल खेलनी जरूरी है
उप राष्ट्रपति ने बेवजह की बयानबाजी से बचने की सलाह देते हुए कहा कि क्या हर बॉल खेलनी जरूरी है? क्या हर विवादास्पद बयान पर प्रतिक्रिया देना आवश्यक है? जो खिलाड़ी अच्छा स्कोर करता है, वह खराब गेंदों को छोड़ देता है। वे लुभावनी होती हैं, पर खेली नहीं जातीं। और जो खेलते हैं, उनके लिए विकेटकीपर और गली में खड़े खिलाड़ी तैयार रहते हैं।

Comment List