सीईसी के खिलाफ इंडिया गठबंधन का हल्लाबोल, राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी नेता धरने पर
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के चलते सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली। विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए मंगलवार को संसद भवन से चुनाव आयोग की ओर मार्च किया लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद सांसद नीति आयोग के सामने धरने पर बैठ गये। सभी विपक्षी सांसद इससे पहले संसद भवन के मकर द्वार पर एकत्रित हुए और वहां से लोकतंत्र बचाव के नारे लगाते हुए चुनाव आयोग की तरफ बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया तो सभी सांसद नीति आयोग के सामने धरने पर बैठ गए।
पुलिस के रोकने के बाद कई सांसद जबरदस्ती आगे बढ़ाने की कोशिश करते हुए बैरिकेड पर चढ़ गये। काफी देर तक आगे नहीं बढ़ पाने पर सभी सांसदों ने वहीं बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ज्ञानेश, हो गया भाई। अब इस्तीफा देने का समय है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग पर पहले भी आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोग ने 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनाव में बेईमानी की और पश्चिम बंगाल में पूरी तरह से वोट चोरी का खेल खेला।
मार्च में शामिल कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा, भाजपा हिंदी या अंग्रेजी नहीं पढ़ सकती। मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट रूप से कहा था कि उन्होंने फॉर्म-6 में किसी बदलाव को मंजूरी नहीं दी है। भाजपा इस बात से स्पष्ट रूप से इनकार कैसे कर सकती है। फॉर्म-6 में घोषणा वास्तव में जोड़ी गई है।

Comment List