ट्रंप का यू-टर्न! भारत पर 100% टैरिफ का खतरा टला, लेकिन कब तक?
रूस से तेल खरीद पर ट्रंप का बड़ा फैसला
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने के नए प्रावधानों से फिलहाल छूट दे दी है। इससे भारत और चीन जैसे बड़े खरीदारों पर मंडरा रहा अतिरिक्त शुल्क का खतरा टल गया है। हालांकि, इस फैसले को रूस पर लगे सभी अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील के तौर पर नहीं देखा जा सकता। ट्रंप ने जारी एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट, 2026 के कुछ प्रावधानों से छूट देने का ऐलान किया। ट्रंप ने जारी कार्यकारी आदेश में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में संबंधित प्रावधानों से छूट देना अमेरिका के राष्ट्रीय हित में है। यह फैसला रूस और ईरान पर सख्त आर्थिक कार्रवाई से जुड़े 2026 के कानून के तहत लिया गया है। ट्रंप ने भविष्य में जरूरत पड़ने पर इन प्रावधानों को फिर लागू करने का अधिकार भी अपने पास रखा है।
नए प्रावधानों के तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले कुछ देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की व्यवस्था है। इसके अलावा, रूस से जुड़े सामान पर 500 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रावधान भी किया गया है। भारत और चीन जैसे देशों पर इनका असर पड़ सकता था। फिलहाल राहत मिलने के बावजूद अमेरिकी प्रशासन रूसी ऊर्जा की खरीद पर नजर रखेगा। ट्रंप ने संबंधित विभागों को इस संबंध में निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।

Comment List