केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में 23 को मनेगा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस
स्कूलों में होंगी विभिन्न गतिविधियां, सीबीएसई ने दिए स्कूलों को निर्देश
वहीं यह पहल न केवल छात्रों के ज्ञान को बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की भविष्य की प्रगति में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करेगी।
अजमेर। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जाएगा। बोर्ड ने स्कूलों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी विषय पर विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए हैं। बोर्ड का मानना है कि इसके माध्यम से छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित जैसे क्षेत्रों में कॅरियर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। वहीं यह पहल न केवल छात्रों के ज्ञान को बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की भविष्य की प्रगति में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करेगी।
बोर्ड की डायरेक्टर एकेडमिक डॉ. प्रज्ञा एम. सिंह ने स्कूलों से कहा है कि 23 अगस्त 2023 भारत के लिए एक गौरवशाली दिन के रूप में इतिहास में अंकित हुआ। जब चन्द्रयान-3 मिशन की सफलता के साथ विक्रम लैंडर चन्द्रमा की सतह पर उतरा था। इस उपलब्धि के उपलक्ष में प्रधानमंत्री ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया है। इसीलिए इस दिन स्कूलों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी दिवस पर विशेष स्कूल सभाएं, प्रदर्शनी, कार्यशालाएं, स्थानीय अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों द्वारा ऑफलाइन वर्चुअल मोड में संवादात्मक सत्र और वार्ताएं आयोजित की जाएं। जिनका उद्देश्य एक अंतरिक्ष शक्ति के रूप में भारत की बढ़ती प्रमुखता को उजागर करना हो।
इसकी भी दें जानकारी
बोर्ड ने स्कूलों से कहा है कि अंतरिक्ष अन्वेषण और प्रौद्योगिकी में भारत की उपलब्धियांे को प्रदर्शित करने वाले संसाधनों की एक विस्तृत शृंखला दीक्षा, निष्ठा, एनसीईआरटी वेबसाइट और ई पुस्तकालय जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। चन्द्रयान पर विशेष मॉडयूल भी यहां मौजूद है। युवा पीढ़ी को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम पर गर्व महसूस कराएं और उन्हें उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने और अंतरिक्ष अन्वेषण एवं प्रौद्योगिकी में भारत की निरन्तर प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित करें।

Comment List