नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में पहली बार एक साथ दिखे 4 टाइगर शावक, रानी के चारों शावकों को एनक्लोजर नंबर 16 में छोड़ा
पर्यटकों में दिखा जबरदस्त क्रेज
जयपुर। नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बुधवार को पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र देखने को मिला। यहां बाघिन रानी के चारों शावकों को एनक्लोजर नंबर 16 में पर्यटकों के अवलोकनार्थ छोड़ा गया। एक साथ चार टाइगर शावकों को देखकर पर्यटक खासे उत्साहित नजर आए। चारों शावकों को पहली बार एक साथ एक ही एनक्लोजर में देखकर पर्यटकों में खासा क्रेज देखने को मिला। बड़ी संख्या में पर्यटक इनके आसपास चहलकदमी और अठखेलियां करते शावकों को निहारते नजर आए। वहीं, स्कूली बच्चों में भी शावकों को देखने को लेकर खासा उत्साह रहा।
बच्चों ने लंबे समय तक एनक्लोजर के बाहर खड़े होकर टाइगर शावकों को देखा। रेंजर जोगेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि रानी के चारों शावकों को पर्यटकों के अवलोकन के लिए एनक्लोजर नंबर 16 में छोड़ा गया है। एक साथ चार शावकों के नजर आने से पार्क में आने वाले पर्यटकों के लिए यह खास आकर्षण बन गया है।

Comment List