राजस्थान संपर्क 181 पर 96.94 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण, आलोक गुप्ता ने अधिकारियों को लगाई फटकार
1.30 लाख परिवादों में से 1.26 लाख का समाधान, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश
जयपुर। नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने गुरुवार को राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर पर विभागीय शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने परिवादियों और संबंधित अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधा संवाद कर समस्याएं सुनीं। शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने वाले अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। गुप्ता ने भीलवाड़ा में सड़क प्रकाश व्यवस्था और नालियों की सफाई, अलवर में सड़क की स्थिति एवं जलभराव तथा जोधपुर में सीवर लाइन से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान कर परिवादियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
अजमेर के एक परिवादी ने सड़क प्रकाश व्यवस्था की समस्या का समाधान होने पर संतुष्टि जताई। 96.94 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण विभाग में 29 अक्टूबर तक दर्ज 1,30,238 परिवादों में से 1,26,253 का निस्तारण किया जा चुका है। निस्तारण दर 96.94 प्रतिशत रही, जबकि 3,985 मामले लंबित हैं। शिकायतों के निस्तारण में औसतन 23 दिन लग रहे हैं। गुप्ता ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, समाधान की अवधि घटाने और परिवादियों की संतुष्टि बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

Comment List