ग्रामोदय से राष्ट्रोदय भाजपा का संकल्प, हर पंचायत को मिलेंगे 5 करोड़ : मदन राठौड़
पंचायती राज चुनाव के संकल्प पत्र में किए कई वादे
जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ग्रामोदय से राष्ट्रोदय के संकल्प के साथ गांवों और किसानों की खुशहाली के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के बीज से बाजार तक की चिंता करते हुए योजनाएं बनाई गई हैं। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के पांच साल में नहरी तंत्र से 52,182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित हुई, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने 34 माह में 1.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई। इसी तरह कांग्रेस शासन में 113 लाख मीटर खेतों में तारबंदी हुई, जबकि भाजपा सरकार ने 445 लाख मीटर तारबंदी करवाई। उन्होंने रामजल सेतु, यमुना जल परियोजना और किसाऊ परियोजना को राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण बताया।
राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनाव के संकल्प पत्र में किसानों को सालाना 12 हजार रुपये सम्मान निधि, दिन में सिंचाई बिजली और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया गया है। स्वयं सहायता समूहों को 10 हजार करोड़ रुपये का बैंक ऋण, मातृ वंदन सहायता 5 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये और विधवा-परित्यक्ता पेंशन 1500 रुपये करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर गांव को विकास के लिए 5 करोड़ रुपये मिलेंगे, जिससे ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

Comment List