दीपावली पर किसानों की झोली में 345 करोड़, नौ जिलों को राहत, लंबे समय से अटके फसल बीमा दावों का हुआ भुगतान
सूखा प्रभावित पश्चिमी राजस्थान के किसानों को मिले 318 करोड़ रुपये
जयपुर । दीपावली पर भजनलाल सरकार ने प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत करीब 345 करोड़ रुपये के लंबित दावों का भुगतान कराया है। इससे प्राकृतिक आपदा, सूखे और प्रतिकूल मौसम से फसल खराब होने की मार झेल रहे नौ जिलों के किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मार्गदर्शन में लंबित दावों के निस्तारण की कार्रवाई की गई है।
पश्चिमी राजस्थान को 318 करोड़: रबी 2025-26 में सूखे से प्रभावित किसानों के लिए बाड़मेर में 53.60 करोड़, बीकानेर में 116 करोड़, जोधपुर में 48 करोड़, पाली में 31 करोड़, चूरू में 25.85 करोड़ और जालोर में 43.58 करोड़ रुपये के दावों का भुगतान कराया गया।
शिकायतों पर भी कार्रवाई : राज्य स्तरीय शिकायत निराकरण समिति के निर्णय पर जालोर के खरीफ 2024 के दावों के 10.64 करोड़ और डूंगरपुर के खरीफ 2025 के दावों के 6.96 करोड़ रुपये किसानों के खातों में जमा कराए गए। वहीं, जयपुर जिले की दूदू तहसील में उच्चतर औसत उपज के आधार पर 9.50 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। कृषि मंत्री ने कहा कि पात्र किसानों को बीमा योजना का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।

Comment List