SIR पर सीएम भजनलाल शर्मा का स्पष्टीकरण, कहा- 13 करोड़ वोट कटने का दावा भ्रामक और असत्य
निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सूचना तंत्र पर ही भरोसा करने की अपील
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में 13 करोड़ वोट कटने का दावा पूरी तरह भ्रामक और असत्य है। उन्होंने कहा कि विपक्ष राजनीतिक स्वार्थ के लिए SIR को लेकर जनता के बीच भ्रम और अफवाहें फैलाने का प्रयास कर रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में मृत, अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत चिह्नित किया गया है। इन प्रविष्टियों का ड्राफ्ट सूची में चिह्नित होना यह नहीं दर्शाता कि संबंधित मतदाताओं के नाम अंतिम सूची से हटा दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का पूरा अवसर दिया गया है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखना और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है। मुख्यमंत्री के अनुसार SIR के जरिए मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और विश्वसनीय बनाने, फर्जी मतदान पर अंकुश लगाने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सूचना तंत्र पर ही भरोसा करने की अपील की।

Comment List