Weather Update : ‘चक्रवात मुरासु’ का राजस्थान में नहीं होगा असर, श्रीगंगानगर समेत कई जिलों में सुबह छाया हल्का कोहरा
रात के तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का असर
जयपुर। बंगाल की खाड़ी में एक और नया चक्रवाती सिस्टम मुरासु सक्रिय हो गया है। हालांकि, इसका राजस्थान के मौसम पर कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। मंगलवार सुबह श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। वहीं, सुबह और रात के समय सर्दी का असर भी बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
इस दौरान आसमान साफ रहेगा और दिनभर तेज धूप खिली रहेगी। धूप के कारण दिन में मौसम सुहावना बना रहेगा, जबकि सुबह और रात के समय हल्की सर्दी का अहसास होगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 10 नवंबर तक प्रदेश में किसी बड़े मौसमी बदलाव के आसार नहीं हैं। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ या अन्य मौसमी गतिविधियों का प्रभाव नहीं रहने से बारिश की संभावना भी नहीं है। हालांकि, दिन के तापमान में कुछ शहरों में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रात के तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।

Comment List