जयपुर के तालकटोरा में मिला 14 वर्षीय छात्रा का शव, कम नंबर आने से थी परेशान
लोगों ने पानी में शव देखकर पुलिस को सूचना दी
जयपुर। घर से लापता हुई आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा का शव मंगलवार सुबह जयपुर के तालकटोरा में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 7:30 बजे स्थानीय लोगों ने पानी में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। माणक चौक थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। सीढ़ियों पर मिली चप्पल और जैकेट तालकटोरा की सीढ़ियों पर पुलिस को छात्रा की चप्पल और जैकेट रखी मिली। इनके आधार पर परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। परीक्षा में कम नंबर आने से थी परेशान पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्रा आठवीं कक्षा में पढ़ती थी और परीक्षा में कम नंबर आने को लेकर पिछले कुछ दिनों से परेशान थी।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले रात को उसने अपनी मां से बातचीत की थी। इसके बाद वह सोने चली गई थी। सुबह करीब चार बजे मां की नींद खुली तो छात्रा कमरे में नहीं मिली। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। इसी बीच सुबह तालकटोरा में शव मिलने की जानकारी सामने आई। माणक चौक थाना प्रभारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Comment List