आईएएस गौरव गोयल बुधवार को ज्वाइन करेंगे, दिसंबर में प्रवासी राजस्थान दिवस को देखते हुए रीको में पोस्टिंग की संभावना
उनकी वापसी से राजस्थान प्रशासन में नई ऊर्जा आने की उम्मीद
जयपुर। राजस्थान कैडर के 2006 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गौरव गोयल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से राजस्थान वापसी हो गई है। लोकसभा सचिवालय ने 31 अक्टूबर 2026 को उन्हें संयुक्त सचिव के पद से कार्यमुक्त कर दिया है। राज्य सरकार के विशेष अनुरोध पर उनकी सेवाएं राजस्थान सरकार को सौंप दी गई हैं। सूत्रों के अनुसार, गौरव गोयल बुधवार, 4 नवंबर तक कार्मिक विभाग में जॉइनिंग रिपोर्ट सौंप सकते हैं। दिसंबर में आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थान दिवस को ध्यान में रखते हुए उन्हें RIICO (राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन) में तैनात किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
अगस्त 2024 में उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर भेजा गया था। करीब दो साल दो महीने की इस प्रतिनियुक्ति के बाद राज्य सरकार के अनुरोध पर उन्हें वापस बुलाया गया है। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि अनुभव और कुशलता को देखते हुए उन्हें वित्त, उद्योग, UDH या मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े किसी महत्वपूर्ण विभाग में भी जिम्मेदारी दी जा सकती है। गौरव गोयल को पहले भी कई प्रशंसाएं मिल चुकी हैं, जिनमें 2018 के विधानसभा चुनाव संचालन में उत्कृष्टता और कौशल विकास में बेहतर प्रदर्शन शामिल है। उनकी वापसी से राजस्थान प्रशासन में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है। आधिकारिक पोस्टिंग आदेश जल्द जारी होने की संभावना है।

Comment List