संपर्क 181 पर परिवादों के त्वरित निस्तारण के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग, पोर्टल की कार्यप्रणाली, लंबित एवं निस्तारित परिवादों तथा सीएम डैशबोर्ड की स्थिति की समीक्षा
हेल्पलाइन कार्मिकों की कार्यशैली की सराहना
जयपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान की दिशा में राज्य सरकार की पहल के तहत संयुक्त शासन सचिव, वित्त (व्यय-II) प्रताप सिंह ने सोमवार को राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पोर्टल की कार्यप्रणाली, लंबित एवं निस्तारित परिवादों तथा सीएम डैशबोर्ड की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर शिकायतों के औसत निस्तारण समय को न्यूनतम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक और विभागीय समन्वय के माध्यम से परिवादियों को कम से कम समय में अधिकतम राहत उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
अंतर-विभागीय शिकायतों के स्थायी समाधान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘संपर्क जीपीटी’ के माध्यम से डेटा विश्लेषण पर भी जोर दिया गया। प्रताप सिंह ने हेल्पलाइन पर प्राप्त कई परिवादों को स्वयं सुना और संबंधित अधिकारियों से तत्काल समन्वय कर उनका मौके पर ही निस्तारण करवाया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण समाधान और सकारात्मक जन-फीडबैक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेल्पलाइन कार्मिकों की कार्यशैली की सराहना की। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर संपर्क 181 केंद्र में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं।

Comment List