गरबा पंडालों में गैरहिन्दुओं को प्रवेश नहीं : सनातन सुरक्षा दल ने गरबा समितियों को दी अंतिम चेतावनी, पोस्टर में पवित्रता का हवाला
आयोजनों में लगे नो एंट्री पोस्टर
जयपुर। नवरात्रि में गरबा महोत्सव की धूम के बीच जयपुर में पंडालों के बाहर लगे पोस्टरों ने नई बहस छेड़ दी है। सनातन सुरक्षा दल जयपुर महानगर की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों में गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की चेतावनी दी गई है। खास तौर पर वैशाली नगर के कई गरबा पंडालों के बाहर लगे पोस्टरों में आयोजक समितियों को प्रवेश व्यवस्था को लेकर आगाह किया गया है। पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में सनातन सुरक्षा दल जयपुर महानगर की अंतिम चेतावनी लिखा गया है। इनमें गरबा समितियों से कहा गया है कि पंडालों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रखा जाए। संगठन ने गरबा को धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा आयोजन बताते हुए इसकी पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
गरबा की आस्था के नाम पर प्रवेश व्यवस्था पर जोर :
नवरात्रि के दौरान जयपुर में विभिन्न स्थानों पर गरबा महोत्सव किए जाते हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेते हैं। ऐसे में पंडालों के बाहर लगाए गए पोस्टरों ने आयोजकों के सामने प्रवेश व्यवस्था और प्रतिभागियों की पहचान को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, पोस्टरों में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, लेकिन कार्रवाई किस प्रकार की होगी, यह स्पष्ट नहीं किया गया है।
विहिप भी उठा चुकी है पहचान जांचने का मुद्दा :
गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश का मुद्दा इससे पहले विश्व हिंदू परिषद (विहिप) भी उठा चुकी है। प्रांत अध्यक्ष सुभद्र पापड़ीवाल ने गरबा को माता को समर्पित धार्मिक आयोजन बताते हुए कहा था कि यह केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं है। जिन लोगों की हिंदू देवी-देवताओं और त्योहारों में आस्था नहीं है, उन्हें गरबा पंडालों से दूर रहना चाहिए। पापड़ीवाल ने आयोजकों को प्रवेश के समय पहचान पत्र जांचने का सुझाव भी दिया था। उन्होंने तिलक लगाने या हाथ पर कलावा बांधने जैसी व्यवस्थाओं का विकल्प भी आयोजकों पर छोड़ा था। विहिप की ओर से इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) को ज्ञापन भी दिया गया था।

Comment List