बजट घोषणाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी- मुख्य सचिव; राजकाज पोर्टल पर फाइलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
सूखा संभावित जिलों में पेयजल और चारे की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में कमेटी ऑफ सेक्रेट्रीज की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को बजट घोषणाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं और स्कीमेटिक योजनाओं के कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए, ताकि आमजन को इनका लाभ समय पर मिल सके। मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों में प्रक्रियाधीन भर्तियों में तेजी लाने तथा राजकाज पोर्टल पर लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक देरी दूर करने और विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा पर जोर दिया।
बैठक में सूखा संभावित जिलों की स्थिति को देखते हुए आकस्मिक कार्य-योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में संभावित जरूरतों का आकलन कर पेयजल और पशुओं के लिए चारे की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आमजन और पशुधन को राहत उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में मिशन कर्मयोगी के तहत राजस्थान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने बताया कि इस मिशन में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है।

Comment List