अफसर बदले, बीट सूचना बोर्ड नहीं : डेढ़ साल से पुराने नंबरों के भरोसे शहर की पुलिसिंग
कई इलाकों में थानेदार, बीट प्रभारी और अधिकारियों के संपर्क नंबर अपडेट नहीं
जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में सीआई, एसआई और एएसआई सहित कई पुलिसकर्मियों के तबादले हो चुके हैं, लेकिन कई इलाकों में लगे बीट सूचना बोर्ड अब भी पुराने अधिकारियों के नाम और संपर्क नंबरों के साथ नजर आ रहे हैं। करीब डेढ़ साल बाद भी बोर्ड अपडेट नहीं होने से आमजन के साथ सीधा संवाद मुश्किल है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में किसी वारदात या संदिग्ध गतिविधि की सूचना देनी हो तो बीट अधिकारी, बीट प्रभारी या थाने के जिम्मेदार अधिकारी का नंबर पता होना जरूरी है। ऐसे में गलत या पुराने नंबर परेशानी का कारण बन सकते हैं।
वारदात के समय किसे करें फोन, लोगों में असमंजस :
बीट सूचना बोर्ड लोगों के लिए पुलिस से संपर्क का प्राथमिक जरिया है। इन पर बीट अधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों के संपर्क नंबर होते हैं। सांगानेर क्षेत्र के गणेश नगर निवासी मुकुल सोनी का कहना है कि उनकी कॉलोनी में बीट अधिकारी, थाना अधिकारी और बीट प्रभारी के नंबरों वाले सूचना बोर्ड नहीं हैं।
हेल्पलाइन के साथ स्थानीय पुलिस के नंबर भी हों प्रदर्शित :
स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि किसी आपराधिक गतिविधि की सूचना देने के लिए आमतौर पर 100 या 112 नंबर याद आते हैं। इन माध्यमों से सूचना पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचती है और फिर संबंधित थाने को भेजी जाती है। यदि बाजारों और कॉलोनियों में स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अद्यतन नंबर भी लिखे हों तो जरूरत के समय सीधा संपर्क आसान हो सकता है। नाहरगढ़ क्षेत्र के रोहित अवस्थी का कहना है कि पुलिस से संवाद की कमी दिखाई देती है। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र की महावीर कॉलोनी के निवासी अंकुर सैनी का भी कहना है कि कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बीट अधिकारियों के नंबर लिखे होने चाहिए।
पुलिस का दावा : विशेष अभियान चल रहा, महीने के अंत तक सभी जगह लगेंगे बोर्ड
पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा का कहना है कि बीट सूचना बोर्ड लगाने और उन्हें अपडेट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कई जगहों पर बोर्ड लिखवाए जा चुके हैं। शेष स्थानों पर भी इस महीने के अंत तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
अब देखना होगा कि अभियान के तहत केवल नए बोर्ड लगाए जाते हैं या पुराने बोर्डों पर दर्ज अधिकारियों के नाम और संपर्क नंबर भी नियमित रूप से अपडेट किए जाते हैं, ताकि आमजन को जरूरत के समय सही जानकारी मिल सके।

Comment List