जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, 25 जनवरी से होगी जनसंख्या की गणना
10 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा डिजिटल जनगणना का दूसरा चरण
जयपुर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक मंगलवार को सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनगणना प्रक्रिया समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरी करने के निर्देश दिए। निदेशक जनगणना कार्य बिष्णु चरण मल्लिक ने प्रस्तुतीकरण के जरिए पहले चरण और दूसरे चरण की तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में राजस्थान के 1,34,091 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में भवनों, जनगणना मकानों और परिवारों की सूची तैयार करने के साथ आवास, पेयजल, शौचालय सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी जुटाई। दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना के साथ सामाजिक-आर्थिक, जनसांख्यिकीय और प्रवासन संबंधी जानकारी संकलित होगी। राजस्थान में 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना और 25 जनवरी से 28 फरवरी तक जनसंख्या गणना प्रस्तावित है। 28 फरवरी की रात बेघर आबादी की गणना होगी, जबकि 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण दौर चलेगा। जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी। स्मार्टफोन आधारित एप से आंकड़े दर्ज और सत्यापित किए जाएंगे।

Comment List