साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाए एसबीआई : देवनानी
वासुदेव देवनानी से एसबीआई जयपुर सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक ने की शिष्टाचार भेंट
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मंगलवार को विधानसभा परिसर में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जयपुर सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच साइबर सुरक्षा और बैंक ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाने के उपायों पर चर्चा हुई। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने एसबीआई को राज्यभर में साइबर फ्रॉड के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन के बढ़ते दायरे के साथ साइबर अपराधों के मामले भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में आम नागरिकों को समय रहते जागरूक करना और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति शिक्षित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की प्राथमिक आवश्यकता बन गई है और इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष को एसबीआई की ओर से साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुरक्षा सुविधाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। भेंट के दौरान ओंकार नाथ चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जबकि देवनानी ने उन्हें राजस्थान विधानसभा के लोगो की प्रतिकृति और डायरी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसबीआई के सहायक महाप्रबंधक (जनसंपर्क) संजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

Comment List