पार्ट टाइम जॉब के नाम पर टास्क स्कैम, युवक से ठगे 1.01 लाख रुपए
प्रॉफिट का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में करवाए ट्रांसफर
जयपुर। पार्ट टाइम जॉब के जरिए अच्छी कमाई का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक युवक से 1 लाख 1 हजार 791 रुपए ऐंठ लिए। ठगों ने वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर उसे ऑनलाइन टास्क पूरा करने का काम दिया। शुरूआत में मुनाफे का लालच देकर उससे अलग-अलग बैंक खातों में रुपए जमा करवाते रहे। जब युवक ने अगला टास्क करने से इनकार कर अपनी रकम वापस मांगी तो ठगों ने भुगतान करना बंद कर दिया। पीड़ित ने सोमवार को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
थाना प्रभारी महेश चन्द्र ने बताया कि मालवीय नगर निवासी अमन गुप्ता (24) के साथ साइबर ठगी हुई है। उसके वॉट्सऐप पर इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया था। अच्छे पैकेज का आॅफर देखकर अमन ने जॉब के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर साइबर ठगों ने उसे आॅनलाइन टास्क पूरा करने के बदले अच्छा मुनाफा मिलने का झांसा दिया। इसके बाद टास्क देने के नाम पर उसे अलग-अलग बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। ठगों ने टास्क पूरा होने पर रकम बढ़ने की बात कहकर उसे लगातार नए टास्क दिए और बैंक खातों में रुपए जमा करवाते रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comment List