ज्वैलरी शोरूम से 30 बैंगल्स चुराकर 49 लाख का लोन लिया, आरोपी गिरफ्तार; सोने की रिकवरी में जुटी पुलिस
चोरी के 30 सोने के बैंगल्स पर लिया 49 लाख का लोन
जोधपुर। शहर की सरदारपुरा थाना पुलिस ने ज्वैलरी शोरूम से 30 सोने के बैंगल्स चोरी करने के आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी किए गए बैंगल्स के जरिए विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से करीब 49 लाख रुपए का लोन लिया था। अब पुलिस सोने की रिकवरी के लिए संबंधित फाइनेंस कंपनियों से संपर्क कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शोरूम निदेशक की शिकायत पर 26 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि बैंगल्स सेक्शन में काम करने वाले सवाईराम को नवंबर 2025 में नौकरी पर रखा गया था। कुछ दिन पहले शोरूम में आकस्मिक जांच के दौरान वह घबराकर भागने लगा, जिसे स्टाफ ने पकड़ लिया। जांच में बैंगल्स गायब मिले। पूछताछ में 30 बैंगल्स चोरी करने की बात सामने आई। इनका अनुमानित वजन करीब 605 ग्राम था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया है और उससे पूछताछ के साथ सोने की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comment List