कोटा उत्तर वार्ड 54 - जिम्मेदार मौन, किसे सुनाएं अपनी समस्या
छलका रहवासियों का दर्द : तंग गलियों के स्ट्रक्चर से परेशान वार्डवासी
बोले वार्डवासी-पार्षद का नाम तो जानते हैं लेकिन कभी देखा नहीं।
कोटा। दृश्य 1 - वार्ड की वाल्मीकि बस्ती में बने सुलभ कॉम्पलेक्स जर्जर हालत में है। फर्श, छत, क्षतिग्रस्त दीवारों से हादसे की संभावना भी बनी रहती है। वार्डवासियों के अनुसार सुलभ कॉम्पलेक्स में साफ-सफाई का अभाव के साथ पानी की व्यवस्था नहीं है। वहां बनी नालियां भी जाम है।
दृश्य 2 - वार्ड की छोटी समाध व बड़ी समाध की तंग गलियां भी रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। तंग गलियों में चौपहिया वाहन भी प्रवेश नहीं कर सकता है। आपात्तकालीन स्थिति में एम्बुलेंस भी नहीं आ सकती है। ऐसे में मरीज की हालत ज्यादा बिगड़ने की संभावना रहती है। पार्किंग व्यवस्था का भी अभाव है।
शहर के नगर निगम कोटा उत्तर के वार्ड 54 में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। कॉलोनी में सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त, घरों के पास से गुजर रहे बिजली के झूलते तार तथा जाम हो रखी नालियों से रोजमर्रा की समस्या बनी हुई है। वहीं वार्ड में पार्क भी नहीं है। बच्चों को खेलने के लिए दूसरे वार्ड में पार्क में जाना पड़ता है। वहीं यहां की तंग गलियां भी वार्डवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। वार्ड की तंग गलियों के कारण चौपहिया वाहन भी प्रवेश नहीं कर सकता है। वाहनों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं है। आपात्तकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या फायरब्रिगेड भी तंग गलियों में नहीं जा पाती है। ऐसे में रहवासियों को मदद नहीं मिलने से विकट स्थिति भी बन सकती है। वहीं वार्ड की वाल्मीकि बस्ती में बने सुलभकॉम्प्लेक्स भवन भी जर्जर अवस्था में है। छत से गिरता प्लास्टर, क्षतिग्रस्त फर्श, दीवारें तथा यहां फैली गंदगी से भी लोग परेशान है। कई कॉलोनियों में नालियां जाम हो रखी है, नालियों पर लगे क्रॉस भी टूटे-फूटे हुए है। नालियों से पानी बाहर आने से घरों के पास जलभराव जैसी स्थिति भी बन जाती है। ऐसे में राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
वार्ड का एरिया
वार्ड में कत्थैया पाड़ा का आंशिक भाग, शवदाह घाट की गली, हरिजन बस्ती, भाटापाड़ा, मेहरा पाड़ा, भैरू जी का चौक, सैयद बाबा मजार, छोटी समाध, बड़ी समाध, गुन्दी का चौक, महात्मा गांधी स्कूल, महारानी स्कूल, लम्बी गली से डॉ. अजीज गली तक का क्षेत्र शामिल है।
वार्ड की वाल्मीकि बस्ती में बने सुलभ कॉम्पलेक्स अवस्था में है। समय पर सफाई व्यवस्था नहीं होने गंदगी फैली रहती है। पानी की व्यवस्था का भी अभाव है। वहां के फर्श भी टूटे हुए है।
- शकुुंतला मित्तल
पार्षद का नाम तो सुना है लेकिन कभी वार्डवासियों की समस्याओं को सुनते हुए नहीं देखा है। कॉलोनियों में नालियों का लेवल भी सही नहीं है। टूटे हुए क्रॉस के चलते व्वाहनचालक परेशान रहते हैं।
- विमला बंसल
वार्ड की गलियों में घरों के पास से बिजली के झूलते तारों से हादसे की संभावना बनी रहती है। वहीं वहां से गुजर रहे राहगीर को करंट का डर लगता रहता है। कई बार वार्ड की समस्याओं से अवगत करवाने के बावजूद जनप्रतिनिधि व प्रशासन मौन है।
- वैभव शर्मा
इनका कहना है
वार्ड की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि के रूप में नगर निगम आयुक्त को अवगत करवाया है, लेकिन अभी कोई उचित जवाब नहीं मिला है। इस कारण रहवासियों की नाराजगी भी झेलनी पड़ रही है। वार्ड की तंग गलियों का स्ट्रक्चर पहले से ही ऐसा बना हुआ है जिसमें परिवर्तन करना संभव नहीं है।
- अमरनाथ शर्मा, पार्षद वार्ड 54 कांग्रेस

Comment List