कोटा उत्तर वार्ड 61 वार्ड की उधड़ी सड़कों से राहगीर परेशान, जिम्मेदार मौन
कचरे से अटी पड़ी नालियां
सीवरेज के लिए खोदी सीसी सड़कें क्षतिग्रस्त।
कोटा। शहर के कोटा उत्तर नगर निगम वार्ड 61 बदहाली का शिकार है। रेलवे कॉलोनियों की टूटी सड़कें वहां जमा कचरा से रहवासियों की स्थिति बदतर बनी हुई है। रेलवे विभाग के सहयोग के बिना पार्षद भी रेलवे कॉलोनियों की सड़कों को सुधार नहीं पा रहा है। वहीं कृष्णा नगर में गली में काफी बड़ा डिवाइडर बना दिया कि वाहन चालकों के चोटिल होने तथा पैदल होने वाले राहगीरों के लिए परेशानी बनी हुई है। वार्ड में खाली पड़े प्लॉट को लोगों ने कचरा प्वाइंट बना रखा है वहीं कुछ प्लॉटों में जलभराव की स्थिति होने से मच्छर भी पनपे हुए है। रहवासी जनप्रतिनिधियों को अपनी समस्या बताते है लेकिन उन्हें अनसुना कर दिया जाता है। हालात यह हैं कि सीवरेज लाइन बिछाने के लिए सीसी सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई है। पानी की निकासी नहीं होने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। समय पर कचरे का उठाव नहीं होने से दुर्गंध के कारण रहवासियों की स्थिति बदतर हो रखी है। वार्ड की गलियों में बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। श्वान रात्रि में वाहन चालकों के पीछे दौड़ते रहते है जिससे कई चालक चोटिल भी हो चुके है।
- नहर में साफ-सफाई का अभाव
- जनप्रतिनिधि नहीं ले रहे सुध
- खाली प्लॉट बने कचरा पाइंट
- रेलवे कॉलोनी की खराब सड़कें
वार्ड का एरिया....
वार्ड में लोका कॉलोनी, नूरी मस्जिद, रजा नगर, श्रीराम विहार/नगर, कृष्णा विहार का क्षेत्र शामिल है।
टूटी सड़कें दे रही जख्म
सीवरेज लाइन डालने के दौरान कॉलोनी की सीसी सड़क तो बनाई लेकिन सड़कों का लेवल सही नहीं किया। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो रहे हैं। बरसात में कीचड़ की समस्या रहती है। जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते। यहां से गुजरने के दौरान बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। वार्ड में बने स्पीडबे्रकर सही नही बने होन के कारण वाहन चालको को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड की टूटी सड़कें वाहनों का मेंटिनेंस भी बढ़ा रही है। बारिश में गंदगी से उठती दुर्गंध से कॉलोनीवासियों का जीना मुहाल हो रहा है।
- मदन लाल, वार्डवासी
कॉलोनी में बेसहारा मवेशियों का जमावड़ा
वार्ड में बेसहारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। इनमें श्वानों की समस्या अधिक हैं। शाम ढलते ही कॉलोनियों की सड़कों पर श्वानों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। बाइक सवारों के पीछे दौड़ते हैं। इनसे बचने के चक्कर में कई बाइकर्स चोटिल हो चुके हैं। वहीं, मवेशी बीच सड़कों पर बैठे रहने से वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी होती है। वहीं, नालियों की सफाई नहीं होने से बीमारियों का खतरा बना रहता है।
- बृजमोहन मेघवाल, वार्डवासी
नहर में कचरा, निकासी हो रही प्रभावित
मुख्य सड़क पर स्थित नहर में कचरा होने से निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं सीसी रोड भी क्षतिग्रस्त है। वहां बने खड्डे से रात में वाहन चालक चोटिल भी हो जाते है। कचरा गाड़ी संग्रहण का कोई टाइम-टेबल नहीं है। कभी सुबह छह बजे आ जाता है तो कभी दोपहर या शाम को आता है। इससे रहवासी काफी परेशान है।
- पवन अग्रवाल
इनका कहना है
वार्ड की समस्याओं के लिए सभी लोगों से मिलता हूं। वार्ड में बने बड़ा डिवाइडर के लिए रहवासी भी जिम्मेदार है उन्हें बनने के दौरान कारीगर से छोटा करने के लिए कहना चाहिए। यह वार्ड सभी का है। सभी को मिलजुलकर काम करना होगा। रेलवे कॉलोनी में टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए रेलवे विभाग से परमिशन लेनी पड़ती है। कई बार डीआरएम को अवगत करवाया है लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। मेरे वार्ड में रेलवे कॉलोनी भी आती है। लेकिन रेलवे का सहयोग नहीं मिलने से क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए रेलवे विभाग भी जिम्मेदार है।
- मोहम्मद बशीर, पार्षद कांग्रेस, वार्ड 61

Comment List