ट्रेलर-दमकल भिड़े, आग से 2 फायरमैन के शव कंकाल में तब्दील
केबिन में फंसे रह गए दोनों जवान
उदयपुर। ऋषभदेव थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाइवे-48 पर रविवार प्रात: करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसे में दमकल के दो फायरमैन जिंदा जल गए। माकडजपा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर हाइवे की दूसरी लेन में पहुंचा और सामने से आ रही दमकल से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दमकल का केबिन बुरी तरह पिचक गया और कुछ ही सेकंड में उसमें आग लग गई। केबिन में फंसे दोनों फायरमैन को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग से शव बुरी तरह झुलस गए, वहीं दमकल और ट्रेलर के चालक भी गंभीर घायल हो गए, जिन्हें एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, अग्निरक्षक नाम की निजी कंपनी की दमकल पश्चिम बंगाल नंबर की थी और गुजरात से उदयपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रहा ट्रेलर पहले अपने आगे चल रहे एक अन्य ट्रेलर से टकराया। इसके बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर हाइवे की दूसरी लेन में पहुंचकर सामने से आ रही दमकल से भिड़ गया।
शवों की पहचान नहीं :
ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर चालक को आग के बीच से बाहर निकाला, लेकिन दोनों फायरमैन केबिन में ही फंसे रह गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बचाने का मौका नहीं मिला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दोनों फायरमैन के जले शव बाहर निकाले गए। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

Comment List