एसबीआई इंटर सर्कल वॉलीबॉल : 17 सर्कलों के 204 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम, मेजबान जयपुर टीम के सामने खिताब बचाने की चुनौती
अंतरराष्ट्रीय सितारों पर रहेंगी निगाहें
जयपुर। भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर सर्कल की मेजबानी में एसबीआई इंटर सर्कल वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर हॉल में भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के 17 सर्कलों के 204 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम दिखा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ियों और 30 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता का रोमांच बढ़ा दिया है।
उद्घाटन समारोह में एसबीआई जयपुर मंडल के मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर एसबीआई लेडीज क्लब की चेयरपर्सन पूनम चौधरी, महाप्रबंधक मनीष सिंघल, एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश जैन एवं महासचिव रामावतार सिंह जाखड़ तथा एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष शंकर लाल जाट और महासचिव भवानी सिंह सोलंकी सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। पिछले वर्ष की विजेता जयपुर सर्कल की टीम इस बार भी खिताब बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है।
खेल से मजबूत होती है टीम भावना : चौधरी
मुख्य अतिथि ओंकार नाथ चौधरी ने कहा कि इंटर सर्कल वॉलीबॉल टूर्नामेंट महज एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देशभर के बैंककर्मियों को एक मंच पर लाने और आपसी सौहार्द, एकजुटता तथा टीम भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि 17 सर्कलों के 204 खिलाड़ियों की भागीदारी और अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और प्रतिष्ठा बढ़ी है। जयपुर सर्कल के लिए इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी गौरव की बात है।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का किया सम्मान :
समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि चौधरी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सम्मान समारोह से खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ा।
अंतरराष्ट्रीय सितारों पर रहेंगी निगाहें :
प्रतियोगिता में जयपुर सर्कल के रामावतार सिंह जाखड़, संदीप गोस्वामी, दिलीप दास और सूर्यप्रकाश बंजारा सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनके अलावा अन्य सर्कलों से सावन, मोहन पी., अर्नेस्ट आमिर बाबू और दीपक सरोहा जैसे खिलाड़ी भी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। 30 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

Comment List