शिकार का चस्का : मुर्गियां खाकर इतना मोटा हुआ बाज कि उड़ना भूला, मुर्गीखाने को बना लिया था अपना भोजनालय
वजन सामान्य से दोगुना
वर्जीनिया। अमेरिका के वर्जीनिया में एक बाज की अनोखी कहानी देखने को मिली है। यह बाज शिकार करने के लिए नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा खाने के कारण चर्चा में है। पड़ोसियों की मुर्गियां खाकर वह इतना मोटा हो गया कि उसके लिए उड़ना तक मुश्किल हो गया। जब वन्यजीव बचाव दल ने उसकी जांच की तो पता चला कि उसके शरीर पर इतनी चर्बी जमा हो चुकी थी कि डॉक्टर भी हैरान रह गए।
साउथवेस्ट वर्जीनिया सेंटर के अनुसार एक महिला को यह बाज अपने घर के रास्ते में जमीन पर मिला था। सेंटर से करीब एक मील दूर मिले इस पक्षी की शुरुआती जांच में चोट, हड्डी टूटने, सिर में आघात और अन्य बीमारियों के कोई लक्षण नहीं मिले। इसके बाद पशु चिकित्सकों ने विस्तृत जांच की, तो उसकी असली परेशानी सामने आई। बाज का वजन करीब दो पाउंड यानी 907 ग्राम था, जबकि सामान्य मादा बाज का वजन इससे लगभग एक पाउंड कम होता है।
मुर्गियां बनीं मोटापे की वजह
महिला ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि एक पड़ोसी की मुर्गियां पिछले कई सप्ताह से लगातार गायब हो रही थीं। माना गया कि बाज खुले में घूमने वाली मुर्गियों को आसानी से अपना शिकार बना रहा था। भरपेट भोजन करने के बाद वह पेड़ों पर आराम करता और फिर भूख लगने पर दोबारा शिकार करता था। चिकित्सकों के मुताबिक, उसके शरीर पर चर्बी की मोटी परत जम गई थी। फिलहाल उसे विशेष डाइट पर रखा गया है, ताकि उसका वजन कम हो सके।

Comment List