दिल्ली-महाराष्ट्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बड़ा फैसला, दावे-आपत्तियों की समयसीमा बढ़ी; आयोग ने दी कई राहत

चुनाव आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया की आसान

दिल्ली-महाराष्ट्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बड़ा फैसला, दावे-आपत्तियों की समयसीमा बढ़ी; आयोग ने दी कई राहत
चुनाव आयोग ने दिल्ली और महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब मतदाताओं को सुनवाई के लिए अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने होंगे, बीएलओ खुद घर जाकर दस्तावेज एकत्र करेंगे। ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा भी मजबूत की जाएगी।

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने दिल्ली और महाराष्ट्र की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के काम को आसान बनाने के लिए शनिवार को कई महत्वपूर्ण फैसले करते हुए इन दोनों राज्यों में जारी सूचियों के मसौदे पर दावे और आपत्ति दर्ज कराने की समयावधि बढ़ा दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में यहां आयोग की पूर्ण बैठक के बाद जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इन दोनों राज्यों में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि बढ़ाने का फैसला उनके मुख्य चुनाव अधिकारियों के अनुरोध पर किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मसौदा सूची के नामों पर दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 अक्टूबर कर दी है, जबकि इन पर नोटिस जारी करने तथा, दावों और आपत्तियों के निपटारे की समय-सीमा 30 नवंबर कर दी गई है।

बैठक के बाद जारी आयोग की एक विज्ञप्ति के अनुसार महाराष्ट्र में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ा कर 12 अक्टूबर है और उनका निपटारा 10 नवंबर तक कर दिया जाएगा। चुनाव आयोग ने कहा है कि एसआईआर के दौरान नोटिस पाने वाले मतदाताओं को सामान्य तौर पर व्यक्तिगत रूप से निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के समक्ष उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं के घर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) जायेंगे और आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर उन्हें ईसीआईनेट प्रणाली पर अपलोड करेंगे, जिसके आधार पर ईआरओ निर्णय लेंगे।

आयोग ने कहा कि व्यक्तिगत सुनवाई केवल असाधारण परिस्थितियों में ही होगी और जहां संभव हो, इसे ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जायेगा। यदि किसी मतदाता को सुनवाई में उपस्थित होना आवश्यक हो, तो उसकी अनुमति से परिवार का कोई वयस्क सदस्य भी उसकी ओर से शामिल हो सकेगा। आयोग ने ऑनलाइन सुनवाई की सुविधाओं को मजबूत करने के भी निर्देश दिये हैं। इसके अलावा, जिला निर्वाचन अधिकारियों को रैन बसेरों में रहने वाले लोगों, मजदूरों, गरीब एवं बेघर व्यक्तियों तथा ऐसे अन्य मतदाताओं के लिए पर्याप्त हेल्प डेस्क और स्थानीय जरूरत के अनुसार विशेष शिविर लगाने को कहा गया है, जिन्हें पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेने में कठिनाई हो सकती है।

आयोग ने एसआईआर से संबंधित फॉर्म-6 के साथ दिए गए घोषणा-पत्र को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। इस घोषणा-पत्र को उच्चतम न्यायालय ने बरकरार रखा है , हालांकि एसआईआर की अवधि के बाहर मतदाता पंजीकरण के लिए निर्वाचन पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित फॉर्म का ही इस्तेमाल जारी रहेगा। आयोग ने यह भी कहा है कि एसआईआर के दौरान या उसके बाद जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाये हैं, उनमें युवा और पहली बार मतदान करने वाले लोग भी शामिल हैं, वे निरंतर अद्यतन प्रक्रिया के तहत संबंधित ईआरओ के समक्ष नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

Read More पैसों के लालच में दोस्त बना दरिंदा: पहले काटा सिर, फिर 3KM दूर कब्रिस्तान में फेंका धड़

ईसीआईनेट डिजिटल प्रणाली को लेकर आयोग ने कहा कि फील्ड अधिकारियों को उनके वैधानिक अधिकारों के अनुरूप भूमिका-आधारित पहुंच प्रदान की गयी है। ईसीआईनेट प्रणाली की समीक्षा के लिए वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जायेगी, जिसमें आईआईटी या आईआईआईटी के एक स्वतंत्र विशेषज्ञ को भी शामिल किया जायेगा। यह समिति यह जांच करेगी कि प्रणाली संबंधित कानूनों और नियमों के अनुरूप काम कर रही है या नहीं। आयोग ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर पोर्टल में कई सुधार किये जा चुके हैं और फील्ड अधिकारियों को आवश्यक अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जायेंगी।

Read More बॉस हो तो ऐसा : दिवाली बोनस में मिला आईफोन 16, वीडियो देख लोगों ने पूछा- नौकरी मिलेगी क्या?

Post Comment

Comment List

Latest News

कारोबार शुरू करने का मौका, सरकार देगी एक करोड़ तक का लोन कारोबार शुरू करने का मौका, सरकार देगी एक करोड़ तक का लोन
केंद्र सरकार ने स्टैंड-अप इंडिया योजना को 31 मार्च 2031 तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। अगले पांच वर्षों में...
पशुओं को पानी पिलाने गया युवक, तालाब में डूबने से मौत
बाइक पर आए आतंकी, अचानक चलाई गोलियां; सीआरपीएफ के 2 जवान घायल
अलवर बना राजस्थान का सबसे धनवान जिला, प्रति व्यक्ति आय में राजधानी दूसरे स्थान पर
हाईकोर्ट के नाम पर फर्जी आदेश, सरकार ने बंद करा दीं 129 वेबसाइट
स्वच्छता सर्वेक्षण में जयपुर को झटका! प्रदेश में नंबर-वन, देश में टॉप-20 से भी बाहर
शोरूम से उठीं आग की लपटें, पूरे बाजार में हड़कंप