28 हजार करोड़ के साइबर फ्रॉड में ईडी की बड़ी कार्रवाई, Mumbai Airport से वकील रशेष शाह गिरफ्तार
ठगी की राशि करीब 400 म्यूल बैंक खातों में पहुंचाई
जयपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने देशभर में फैले साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट नेटवर्क की जांच के सिलसिले में वकील रशेष उपाध्याय उर्फ रशेष शाह को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार, इस नेटवर्क से करीब 28 हजार करोड़ रुपए के बैंकिंग लेन-देन जुड़े हैं। मामले में अब तक सात गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
ED की पणजी यूनिट ने आरोपी को दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से पहले पकड़ा। इसके बाद उन्हें पणजी ले जाया गया, जहां विशेष पीएमएलए अदालत ने 29 अक्टूबर तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया।
जांच की शुरुआत गोवा की एक महिला से 2.60 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले से हुई थी। आरोप है कि ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर महिला से रकम ट्रांसफर कराई। ED के मुताबिक, ठगी की राशि करीब 400 म्यूल बैंक खातों में पहुंचाई गई। एजेंसी का आरोप है कि आरोपी फ्रीज खातों को रिश्वत देकर दोबारा खुलवाने में मदद करते थे।

Comment List