त्योहार पर घर लौट रहे यात्रियों पर टूटा संकट, कर्मभूमि एक्सप्रेस की चार बोगियों में लगी आग
धुआं उठते ही जान बचाकर ट्रेन से बाहर कूदे लोग
राजपुरा। अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार को आग की चपेट में आ गई। राजपुरा के पास सराय बंजारा क्षेत्र में ट्रेन की चार बोगियों में आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। डिब्बों से धुआं उठता देखकर यात्रियों ने सामान लेकर बाहर निकलना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए।
सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। आग को दूसरी बोगियों तक फैलने से रोकने के लिए प्रभावित चारों डिब्बों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, त्योहार पर घर लौट रहे यात्रियों का सामान जलने से काफी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रेलवे मामले की जांच में जुटा है।

Comment List