एक मंच पर एकत्रित होंगे प्रदेश के प्रिंटिंग उद्योग से जुड़े व्यवसायी, प्रिंटर्स के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा
संगठन की मजबूती ही समस्याओं के समाधान का आधार
जयपुर। राजस्थान प्रिंटर्स एसोसिएशन (RPA) की ओर से 24 अक्टूबर को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के प्रिंटिंग उद्योग से जुड़े व्यवसायी एक मंच पर एकत्रित होंगे। आयोजन के साथ विशेष संवाद सत्र भी होगा, जिसमें प्रिंटिंग उद्योग की चुनौतियों, व्यापारिक समस्याओं, आपसी सहयोग और प्रिंटर्स के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रिंटिंग उद्योग से जुड़े सभी साथियों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। संगठन की मजबूती ही प्रिंटर्स की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा का आधार है। एसोसिएशन का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक प्रिंटर को एक ऐसा मंच मिले, जहां उसकी समस्याओं को सुना जाए और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें। आपसी सहयोग, एकता और सकारात्मक सोच के साथ राजस्थान के प्रिंटिंग उद्योग को नई दिशा दी जा सकती है।
राजस्थान प्रिंटर्स एसोसिएशन का उद्देश्य प्रदेश के प्रिंटर्स को संगठित करना, उनकी व्यावसायिक समस्याओं को उचित मंच पर उठाना तथा उद्योग के विकास के लिए साझा प्रयासों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान संवाद के माध्यम से प्रिंटर्स के अनुभवों, सुझावों और भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
एसोसिएशन ने प्रदेश के सभी प्रिंटिंग व्यवसायियों से कार्यक्रम में भाग लेने और संगठन को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने की अपील की है।

Comment List