स्टोक्स और करेन पर रहेगी खास नजर
आईपीएल 2023 के लिए ऑक्शन आज कोच्चि में
नई दिल्ली। आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार दोपहर कोच्चि में होगी। सभी दस टीमों का मुख्य स्टॉफ कोच्चि पहुंच चुका है और उनकी लिस्ट भी तैयार हो गई है कि किन खिलाड़ियों पर बोली लगानी है और किन खिलाड़ियों को किसी भी कीमत पर अपने पाले में कर लेना है। संभावना जताई जा रही है कि इस बार आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी टूट सकता है। आईपीएल के 23 दिसंबर को होने वाले ऑक्शन में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स, सैम करेन, न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन और भारत के मयंक अग्रवाल समेत कई खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। इनमें बेन स्टोक्स सबसे खास नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपना बेस प्राइज इस बार दो करोड़ रुपये रखा है। सैम करेन का भी दावा काफी मजबूत है, वे भी गेंद और बल्ले दोनों से मैच विनर प्लेयर हैं। भारत के मयंक अग्रवाल भी दावेदारी पेश कर रहे हैं। उनका बेस प्राइज एक करोड़ रुपये है, लेकिन वे इससे कहीं ज्यादा कीमत पर बिक सकते हैं। दो करोड़ बेस प्राइज वाले केन विलियमसन भी महंगे खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो सकते हैं।
क्रिस मॉरिस रहे हैं सबसे महंगे खिलाड़ी
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व आॅलराउंडर क्रिस मॉरिस आईपीएल के ऑक्शन में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। राजस्थान रॉयल्स ने साल 2021 के मिनी ऑक्शन में उन्हें 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। भारत के युवराज सिंह 2015 के ऑक्शन में 16 करोड़ रुपये में बिके थे। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पाले में किया था। आईपीएल के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस हैं। साल 2020 के ऑक्शन में कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन पर 15.5 करोड़ रुपये की बोली लगाकर सभी को चौंका दिया था।

Comment List